विकास नंद/ सर्वव्यापी/
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक ली।
उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को अगली बैठक से पहले भू-अर्जन, प्राक्कलन, निविदा, कार्य अनुबंध और कार्यादेश से जुड़ी सभी कार्यवाहियों पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साव ने कहा कि बरसात के तुरंत बाद प्रदेशभर में सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर प्रारंभ की जाए और दिसम्बर तक सभी जिलों में कार्य पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने जिला कलेक्टरों के साथ मिलकर त्वरित भू-अर्जन करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित सेतु बंध व परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि डीपीआर बनाते समय ही परियोजनाओं का गहन मूल्यांकन करें, ताकि बजट और समय-सीमा में पुनरीक्षण की आवश्यकता न पड़े।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, एडीबी परियोजनाओं और पेच रिपेयर से जुड़े कार्यों की स्थिति पर भी विशेष समीक्षा की और अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।