विकास नंद/सर्वव्यापी/
आगामी 31 दिसंबर से 03 जनवरी 2026 तक सरायपाली स्थित नई मंडी के सामने गायत्री शक्तिपीठ के पास चार दिवसीय विराट 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी वर्ष तथा गायत्री परिवार के संस्थापक आचार्य पं. श्रीराम शर्मा द्वारा प्रज्वलित अखंड दीपक एवं साधना के शताब्दी वर्ष 2026 को समर्पित होगा।
इस महायज्ञ के माध्यम से समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य, नारी जागरण, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण, व्यसन मुक्ति और साधना को जन-जन तक रचनात्मक गतिविधियों के जरिए पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।शांतिकुंज हरिद्वार से पावन शक्ति कलश लेकर देव कन्या जागृति (सोनू) देवता रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां सरायपाली गायत्री परिवार के परिजनों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इसके बाद सरिया व बरमकेला में भी श्रद्धालुओं ने शक्ति कलश का पूजन-अर्चन किया।
सरायपाली आगमन पर महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए शक्ति कलश को बारी-बारी से सिर पर धारण कर गायत्री शक्तिपीठ तक पहुंचाया, जहां विधिवत पूजन के पश्चात शक्ति कलश की स्थापना की गई।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के परिजनों में अपार उत्साह देखा गया और आगामी विराट महायज्ञ को लेकर विशेष तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।


