जिला स्तरीय रोजगार मेला में 3,500 पदों पर भर्ती – युवाओं को मिला मौके पर जॉब ऑफर। - Sarvavyapi जिला स्तरीय रोजगार मेला में 3,500 पदों पर भर्ती – युवाओं को मिला मौके पर जॉब ऑफर। - Sarvavyapi

जिला स्तरीय रोजगार मेला में 3,500 पदों पर भर्ती – युवाओं को मिला मौके पर जॉब ऑफर।

Share Now

विकास नंद /सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु आज शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महासमुंद में जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया गया।

रोजगार मेला में 21 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और लगभग 3,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया संपन्न की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के सुशासन में युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी करने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला भी बनना होगा। उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए चयनित युवाओं को शुभकामनाएँ दीं।

अध्यक्षीय संबोधन में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि 20 से 22 वर्ष की आयु में रोजगार की प्राप्ति हर युवा का सपना होता है और रोजगार मेला उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में वर्ष 2047 तक युवाओं की अहम भूमिका होगी।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 6,700 से अधिक युवाओं ने पंजीयन कराया।

मौके पर ही 30 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इनमें आशीष चंद्राकर, राकेश साहू, कुमार जोया, हयात खान, अलीशा बेगम, रितिक साहू, रेणुका सोनी, हंसिका ठाकुर, नेमी कन्नौजे, अमन कुमार एवं मुस्कान साहू शामिल हैं। इनमें से कई युवाओं को 21,500 रुपये मासिक वेतन तक की जॉब ऑफर मिली।

युवाओं ने भी रोजगार मेले को जीवन का सुनहरा अवसर बताते हुए सरकार और प्रशासन का आभार जताया। रोजगार मेले में आठवीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीई एवं एमबीए अभ्यर्थियों को नौकरी का अवसर प्रदान किया गया। चयनित उम्मीदवारों को 7,000 से 32,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद्र राठी सहित जनप्रतिनिधि, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!