तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या धाम में आयोजित तीन दिवसीय भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ की वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेविका लता नायक (उच्च न्यायालय अधिवक्ता, बिलासपुर) को राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान 2025 से अलंकृत किया गया।यह सम्मान उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। नायक ने अपने अधिवक्ता पेशे के साथ-साथ समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है, जिनमें महिला सशक्तिकरण, वंचितों के अधिकारों की रक्षा एवं जनजागरूकता अभियान प्रमुख हैं।कार्यक्रम का आयोजन रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन एवं मां अन्नपूर्णा सेवा संस्था, अयोध्या धाम के संयुक्त तत्वावधान में 12, 13 एवं 14 सितम्बर 2025 को किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव का भी आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में समाजसेवियों ने भाग लिया।कार्यक्रम में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने लता नायक को राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।इस भव्य आयोजन में देश के 28 राज्यों एवं उत्तर प्रदेश के 75 जिलों से कुल 251 समाजसेवी संस्थाओं व प्रतिनिधियों ने भाग लिया और रक्तदान एवं समाज सेवा के महत्व पर अपने विचार रखे।रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन एवं मां अन्नपूर्णा सेवा संस्था ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बनते हैं और नई पीढ़ी को सेवा भावना से जोड़ते हैं।