विकास नंद/सर्वव्यापी/

सरायपाली माधवराव सदाशिव गोलवलकर शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण कार्यक्रम में सरला कोसरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर बालिकाओं को सायकल वितरित की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज और देश की सशक्त नींव है।उन्होंने कहा कि केंद्र की माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार तथा छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही हैं।
सरस्वती सायकल योजना भी इन्हीं योजनाओं में से एक है, जो न केवल बालिकाओं को विद्यालय तक सुरक्षित पहुंचने में मदद करती है बल्कि उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ाती है।
कार्यक्रम में सरला कोसरिया ने छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि “आज की बेटियां कल का भविष्य गढ़ेंगी। उन्हें शिक्षित करना ही राष्ट्र निर्माण का सबसे बड़ा कार्य है।” उन्होंने सभी छात्राओं से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा समाज और परिवार का नाम रोशन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्राओं ने सरकार की इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और पढ़ाई में और अधिक मन लगेगा।