नूर मोहम्मद/ गौरेला पेंड्रा मरवाही/(सर्वव्यापी)

जिला प्रशासन द्वारा गुरूकुल खेल मैदान पेण्ड्रारोड में आयोजित जिला स्तरीय तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य समापन हुआ। 2 से 4 नवम्बर तक आयोजित राज्योत्सव का शुभारंभ बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धरमलाल कौशिक किए थे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मरवाही विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह उपाध्यक्ष मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण प्रणव कुमार मरपची ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष स्नेह से जीपीएम lजिले का अनवरत विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में रजत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसका पूरा श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी जी को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 1 नवम्बर को राजधानी रायपुर में पांच दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ किए हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश को 14 हजार 300 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दिए हैं। मरपची ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ में तेजी से परिवर्तन आया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के 15 वर्षों के कार्यकाल में हुए अभूतपूर्व कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों से 3100 रूपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खाते में हर महीने राशि अंतरित करने सहित चुनाव पूर्व किए गए सभी वायदों को एक-एक कर पूर्ण करने की जानकारी दी। उन्होंने सभी को राज्योत्सव की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्य अतिथि ने राज्योत्सव में आए सभी लोगों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ दिलाई और विभागीय स्टालों का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजगीत ‘‘अरपा पैरी के धार’’ से हुआ। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने समापन समारोह में आए सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव में विभागीय स्टाल, सांस्कृतिक संध्या, बच्चों का मेला और फूड जोन आकर्षण के केंद्र रहे। विभागीय स्टालों में जहां विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया, वहीं विभिन्न स्टालों के माध्यम से हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत लोगों को लाभान्वित भी किया गया। उन्होंने बताया कि 90 लोगों का ड्रायविंग लायसेंस एवं 32 लोगों का आधार कार्ड बनाया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित रक्त दान शिविर में 16 लोगों ने रक्त दान किया। बिहान समूह की महिलाओं ने गढ़ कलेवा फूड स्टाल में 26 हजार रूपये से अधिक की बिक्री की। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित सामग्रियों को अरपा बिहान ब्रांड के नाम से विक्रय किया जा रहा है। समूह की महिलाएं व्यापार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और लखपति दीदी बन रहीं हैं। राज्योत्सव में प्रतिदिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा पारंपरिक पोशाक में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धून में शानदार लोकनृत्य और लोकगीत की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। राज्योत्सव के तीसरे दिन कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कुम्हारी, कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गौरेला, भारत माता पब्लिक स्कूल पेण्ड्रा, पीएमश्री कन्या शाला पेण्ड्रा तथा स्थानीय लोक कला दलों द्वारा राउत नाचा, सुआ, शैला, छत्तीसगढ़ी रिमिक्स गीतों की धून पर शानदार प्रस्तुति दी गई। समापन अवसर पर यूनय बैंड भिलाई द्वारा मनमोहक सांस्कृति कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। राज्योत्सव में विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों में बेहतर प्रदर्शनी के लिए शिक्षा विभाग के स्टाल को प्रथम, पंचायत एवं राजस्व विभाग के स्टाल को संयुक्त रूप से द्वितीय और समाज कल्याण विभाग के स्टाल को तृतीय स्थान मिला। सांस्कृतिक संध्या में शामिल सभी दलों को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। समापन समारोह के अवसर पर पुलिस अधीक्षक एस आर भगत, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर अमित बेक, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे एवं उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा सहित नीरज जैन, मनीष श्रीवास, छोटेलाल सोनी, लूसन राठौर, हेमचंद मरावी, आशीष गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं जिलावासी उपस्थित थे।


