विकास नंद/सर्वव्यापी/
भगवान बिरसा मुण्डा की स्मृति में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 20 नवम्बर को अम्बिकापुर प्रवास प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारियों का जायजा लेने हेतु आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने आज कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रमुख सचिव ने सबसे पहले गांधी स्टेडियम पहुंचकर राष्ट्रपति के आगमन हेतु तैयार किए जा रहे हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, आगमन एवं निर्गमन मार्ग, हेलीपैड की मजबूती तथा आसपास की साफ-सफाई की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।इसके पश्चात् वे पी.जी. कॉलेज मैदान पहुंचे और मुख्य कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने डोम पंडाल, बैठक व्यवस्था, वीआईपी गेट, यातायात बेरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, स्टॉल्स की साज-सज्जा, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, बिजली व्यवस्था एवं सांस्कृतिक मंच सहित सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप एवं सौंदर्यपूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। बोरा ने पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाली संगोष्ठी की तैयारियों का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को कार्यक्रम को सुव्यवस्थित व समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, कलेक्टर विलास भोसकर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


