विकास नंद/ सर्वव्यापी/
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की असीम संभावनाएं हैं। युवाओं को चाहिए कि वे सोचें, देखें और अवसरों का सही उपयोग करें। मजबूत इच्छाशक्ति ही सफलता की कुंजी है। राज्यपाल आज ऑफ्ट विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रावीण्य सूची में शामिल 65 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और कुल 324 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं।राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि अनुशासन और समय का पालन प्रबंधन का आधार है। समय का सदुपयोग करें, अपनी क्षमता और योग्यता का निरंतर विकास करें तथा स्वास्थ्य का ध्यान रखें, क्योंकि स्वस्थ शरीर से ही उत्कृष्ट कार्य संभव है। उन्होंने सिनेमा, फोटोग्राफी और फैशन डिजाइनिंग जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में भी व्यापक अवसरों की ओर विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया।
राज्यपाल डेका ने कहा कि विद्यार्थी जीवन संघर्ष की तैयारी का चरण है। कॉलेज के बाद असली परीक्षा शुरू होती है। जीवन में ऐसा कार्य अवश्य करें जो केवल लाभ के लिए नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए हो। उन्होंने कहा कि भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में प्रत्येक नागरिक का योगदान जरूरी है।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह व्यक्ति को दायित्व, नवाचार और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करे। यह समारोह केवल उपाधि वितरण नहीं बल्कि मेहनत, समर्पण और प्रतिभा का उत्सव है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. संदीप मारवाह, विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा तथा विनियामक आयोग के चेयरमैन वी.के. गोयल ने भी अपने विचार साझा किए।
विश्वविद्यालय की संचालक प्रोफेसर शिखा वर्मा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया समारोह में कुलपति, कुलसचिव, प्राध्यापकगण, विद्यार्थी एवं उनके पालक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


