विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में सुगम आवागमन और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के रिपेयर का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं लोक निर्माण मंत्री अरूण साव की मंशा के अनुरूप जिले में कुल 398.40 किलोमीटर लंबाई की सड़कों को डब्ल्यू.एम.एम. (WMM) एवं बी.टी. पेच रिपेयर के माध्यम से गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता सी.एस. चंद्राकर ने बताया कि इस कार्य हेतु विभाग द्वारा 12 एजेंसियों का चयन किया गया है। इनमें से 5 एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर कार्य प्रारंभ किया जा चुका है, जबकि शेष 7 एजेंसियों को कार्यादेश एवं स्वीकृति पत्र जारी कर दिया गया है, जिनका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप दिसंबर 2025 तक सभी सड़कों को पूरी तरह गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा, जिससे आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जिले की सड़क व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा।


