विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में मजदूरों को बिना अनुज्ञप्ति और पलायन पंजी में दर्ज किए बगैर बाहर भेजने की कोशिश करने वालों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। श्रम विभाग की सक्रियता से ऐसे दलालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 नवम्बर को श्रम विभाग की टीम को सूचना मिली कि गंगाराम प्रजापति एवं रामदास दीवान, ग्राम मुढ़ीपार के कुछ ग्रामीण मजदूरों को अधिक मजदूरी का लालच देकर उत्तर प्रदेश के ईंट भट्ठों में भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही श्रम विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों से पूछताछ की।मजदूरों ने अपना नाम राजेन्द्र झरेका, डॉक्टर झरेका, नवीन झरेका और गोविंद झरेका निवासी ग्राम मुढ़ीपार बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें अग्रिम धन और अधिक मजदूरी देने के नाम पर बाहर ले जाने की बात कही गई थी।श्रम उप निरीक्षक बेलारसन बघेल की शिकायत पर थाना पिथौरा में दोनों आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना अनुमति मजदूरों को बाहर भेजने वालों पर अब कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने श्रम विभाग को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी मजदूर का शोषण या अवैध पलायन न हो सके।


