विकास नंद/ सर्वव्यापी/
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में सहकारी समितियों द्वारा पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवम्बर से प्रारंभ होगी। शासन की मंशा के अनुरूप खरीदी व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।धान खरीदी केन्द्रों के संचालन, पर्यवेक्षण, भुगतान, बारदाने एवं परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिले के 182 धान खरीदी केन्द्रों हेतु कुल 74 अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी अपने-अपने केन्द्रों में शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाओं की उपलब्धता एवं तैयारी सुनिश्चित करेंगे।खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व नोडल अधिकारी केन्द्रों का निरीक्षण कर चेकलिस्ट अनुसार प्रारंभिक तैयारियां पूर्ण कराएंगे।
खरीदी अवधि के दौरान वे प्रति सप्ताह निरीक्षण कर समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया, धान स्टॉक एवं बारदाने के सत्यापन की रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजेंगे।
जिला स्तरीय नोडल अधिकारी साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में उपार्जन की स्थिति से अवगत कराएंगे, वहीं सभी अनुविभागीय अधिकारी (रा.) अपने-अपने क्षेत्र में समन्वय अधिकारी के रूप में नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर खरीदी कार्य का पर्यवेक्षण करेंगे।


