विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने आज सरायपाली जनपद पंचायत कार्यालय में विभिन्न विभागों की प्रगति एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ा असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रही लापरवाही पर उन्होंने कई ग्राम पंचायत सचिवों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि सभी लंबित आवासों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने हितग्राहियों को प्राथमिकता के साथ योजना का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।बैठक में सीईओ नंदनवार ने विशेष रूप से मनरेगा विभाग के कार्यक्रम अधिकारी (पीओ) को फटकार लगाते हुए कहा कि स्वीकृत कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे नहीं होते, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, तालाब गहरीकरण, सड़क मरम्मत, भवन निर्माण, मिट्टी भराई सहित सभी मनरेगा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण विकास, जल संरक्षण, सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण तथा श्रमिकों के समय पर भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी गंभीर मानी जाएगी।सीईओ नंदनवार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि—लंबित कार्यों का दैनिक निरीक्षण करेंकार्यस्थल की रिपोर्टिंग नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज करेंगुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में सभी निर्माण कार्य पूर्ण करेंश्रमिकों से जुड़े भुगतान व अन्य समस्याओं का तत्काल निराकरण करेंबैठक में सरायपाली जनपद पंचायत के सीईओ, एसडीओ, मनरेगा सेल के अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रभारी उपस्थित रहे।सीईओ ने सभी अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पहले प्रगति रिपोर्ट में स्पष्ट सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों को समय पर पूरा करना शासन की प्रमुख प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।


