सिंघोड़ा में नकबजनी का बड़ा खुलासा: पारधी गिरोह के 7 शातिर चोर गिरफ्तार, 12.46 लाख की संपत्ति बरामद। - Sarvavyapi सिंघोड़ा में नकबजनी का बड़ा खुलासा: पारधी गिरोह के 7 शातिर चोर गिरफ्तार, 12.46 लाख की संपत्ति बरामद। - Sarvavyapi

सिंघोड़ा में नकबजनी का बड़ा खुलासा: पारधी गिरोह के 7 शातिर चोर गिरफ्तार, 12.46 लाख की संपत्ति बरामद।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी

पुलिस ने थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए पारधी गिरोह के सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, तीन मोटरसाइकिल सहित कुल 12 लाख 46 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। मामले में चोरी का माल खरीदने वाले एक व्यक्ति की भी भूमिका सामने आई है।पुलिस के अनुसार 23 जून को ग्राम रूढ़ा निवासी हरिश्चंद्र पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर अलमारी उठाकर खेत में ले गए और उसे तोड़कर उसमें रखी नकदी, सोने के आभूषण तथा चांदी के पायल चोरी कर फरार हो गए। शिकायत पर थाना सिंघोड़ा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और अपराधियों के कार्य करने के तरीके (मोडस ऑपरेंडी) का अध्ययन किया। जांच में पता चला कि घटना से एक दिन पहले आरोपी ग्राम पैकिन में एक छठी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने आसपास के गांव में चोरी करने की योजना बनाई थी। रात में ग्राम रूढ़ा के एक मकान से अलमारी उठाकर खेत में ले जाकर उसमें रखी नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। नकदी आपस में बांट ली गई, जबकि सोने के आभूषण रायपुर निवासी एक ज्वेलर्स को बेच दिए गए और चांदी के आभूषण अपने पास रख लिए।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार जोड़ी चांदी के पायल, करीब 63.20 ग्राम सोना तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 12 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है।पूछताछ में आरोपियों ने थाना आरंग क्षेत्र के ग्राम मुहमेला तथा सक्ती जिले के जैजैपुर थाना अंतर्गत ग्राम बहेराडीह में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उन मामलों में भी पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं।पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस सफलता में तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!