तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
पीएमश्री सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय चकरभाठ में शनिवार को बैकलेस डे के तहत एक प्रेरक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी व्याख्याता मनोज कुमार यादव ने बताया कि शताक्षी पांडे ने छत्तीसगढ़ पीएससी परीक्षा 2025 में पूरे राज्य में छठवाँ स्थान एवं महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।शताक्षी ने छात्रों के बीच अपनी सफलता का रहस्य साझा करते हुए बताया कि उनके लिए अनुशासन और कठिन परिश्रम ही सबसे बड़ा मंत्र रहा। उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन लगभग 8 घंटे नियमित अध्ययन करती थीं और इस दौरान सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर रहीं। उन्होंने बच्चों को सलाह देते हुए कहा कि वे अभी जिस कक्षा में हैं, उसी पर पूरा फोकस रखें और सेल्फ स्टडी को प्राथमिकता दें।शताक्षी ने बताया कि दसवीं तक की शिक्षा महर्षि विद्या मंदिर में तथा 12वीं की पढ़ाई डीएवी वसंत विहार से पूरी की, जिसमें उन्होंने 92% अंक प्राप्त किए। इसके बाद बीआईटी दुर्ग में कंप्यूटर साइंस से गोल्ड मेडल हासिल किया। साथ ही एक वर्ष तक बीआर अंबेडकर सेजेस बिलासपुर में कंप्यूटर शिक्षक के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्होंने पीएससी को अपना लक्ष्य बनाने का निर्णय लिया।कार्यशाला के दौरान बच्चों ने उनसे विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से उत्तर दिया। एक छात्र ने पूछा कि पढ़ाई में एकाग्रता कैसे बढ़ाई जाए। इस पर शताक्षी ने कहा कि जब पढ़ाई को आनंद के साथ किया जाए तो एकाग्रता स्वाभाविक रूप से बढ़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि पढ़ाई के साथ अपनी रुचियों को भी समय देना चाहिए, जिससे मानसिक ऊर्जा बनी रहती है।उन्होंने बताया कि उन्हें बचपन से ही गीत गाने का शौक है। कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों के बीच छत्तीसगढ़ी गीत भी प्रस्तुत किया, जिससे छात्रों में उत्साह बढ़ा और उन्होंने संदेश दिया— “छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया”।विद्यालय के प्राचार्य विकास नायक राय ने शताक्षी को बधाई देते हुए कहा कि वे अगली बार उन्हें डिप्टी कलेक्टर के रूप में देखना चाहते हैं। कार्यक्रम का संचालन गार्गी सेन पात्र ने किया तथा शताक्षी का संक्षिप्त परिचय मनोज कुमार यादव ने प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में वेद प्रकाश साहू, गरिमा साहनी, मुसाफिर अहमद, आशुतोष पांडे, माधुरी कश्यप, नेमाश्री गुप्ता, मोनिका वर्मा, वीना बजाज, सबीता राय, दीपमाला महंत, क्रिस्टीना जॉन, पारस साहू, पीयूष कोमर, कौस्तुभ स्वर्णकार सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


