विकास नंद /सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर इन दिनों राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीतियों का प्रमुख केंद्र बना रहा। यहां आयोजित तीन दिवसीय डीजीपी कॉन्फ्रेंस सफलतापूर्वक संपन्न हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री तथा देशभर के पुलिस महानिदेशकों और सुरक्षा बलों के शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा और महत्व को कई गुना बढ़ा दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते तीन दिनों तक देश का सर्वोच्च नेतृत्व और सुरक्षा तंत्र के प्रमुख अधिकारी छत्तीसगढ़ में मौजूद रहे। रायपुर में हुआ यह सम्मेलन राष्ट्रीय सुरक्षा नीतियों, रणनीतियों और समन्वय तंत्र को नई दिशा देने वाला सशक्त मंच साबित हुआ।उन्होंने सम्मेलन के सफल संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय और आतिथ्य प्रबंधन में शामिल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।


