विकास नंद/ सर्वव्यापी/

जिले के प्रभारी मंत्री एवं राज्य शासन के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल शुक्रवार को महासमुंद विकासखंड के ग्राम बिरकोनी पहुंचे। उन्होंने यहां धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से सीधे चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों से अवगत हुए।
मंत्री ने खरीदी केंद्र में धान की तौलाई, नमी की जांच, बोरा उपलब्धता, व्यवस्था की गति सहित संपूर्ण प्रक्रिया का अपने समक्ष अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा खरीदी कार्य पारदर्शी और सुगम रहे।
निरीक्षण के दौरान विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, एतराम साहू, कलेक्टर विनय लंगेह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। किसानों ने खरीदी प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्था, तौलाई की रफ्तार तथा अन्य मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।
मंत्री बघेल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों को समय पर, सुचारू और निष्पक्ष खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसान हितों से जुड़े सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।


