तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के बावजूद बिलासपुर जिले के कोटा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोटा–बेलगहना–गौरेला मार्ग पर स्थित रेलवे स्टेशन भनवरकंटक के पास ऐतिहासिक मरही माता मंदिर तक पहुंचने के लिए आज तक मात्र पांच किलोमीटर की पक्की सड़क नहीं बन सकी है। रेलवे पटरी के किनारे विराजमान इस मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सड़क के अभाव में उन्हें उबड़–खाबड़ कच्चे रास्ते से गुजरना पड़ता है। यह क्षेत्र भले ही अब गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में शामिल हो चुका है, पर राजनीतिक उपेक्षा का दंश वर्षों से झेल रहा है। प्रथम विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ला से लेकर डॉ. रेणु जोगी और वर्तमान विधायक अटल श्रीवास्तव तक, कांग्रेस और भाजपा दोनों की सरकारें आईं और गईं, लेकिन मंदिर पहुंच मार्ग का निर्माण नहीं हो सका। इस गंभीर समस्या को लेकर छत्तीसगढ़िया एकता मंच ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सड़क निर्माण की मांग की है।