विकास नंद/सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ में सड़क कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने जा रही है। सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) के अंतर्गत राज्य की 4 प्रमुख सड़क विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। कुल 173.70 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन पर ₹664.67 करोड़ की लागत आएगी।स्वीकृत परियोजनाओं में मुंगेली जिले के लिए ₹156.33 करोड़ की लागत से कोटा–लोरमी–पंडरिया मार्ग (21 किमी), कांकेर जिले में ₹130.63 करोड़ की लागत से कांकेर–भानुप्रतापपुर–संबलपुर हाईवे (48.40 किमी), सुकमा–दंतेवाड़ा मार्ग के लिए ₹230.85 करोड़ (68 किमी) तथा गरियाबंद जिले में ₹146.86 करोड़ की लागत से राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग (35.50 किमी) शामिल हैं।इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि व्यापार, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को भी उल्लेखनीय बढ़ावा मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और आम जनता को बेहतर सड़क सुविधाओं का लाभ मिलेगा।