तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
मोहला-मानपुर -अंबागढ़ चौकी जिले की होनहार बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत से जिले का मान बढ़ाया है। रतनपुर में आयोजित रेन सिन कान सी-5 कराटे फेस्ट में मानपुर विकासखंड के ग्राम पानाबारस की बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार उपलब्धियां हासिल कीं।प्रतियोगिता में कु. हर्षिता शाह मांडवी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। वहीं कु. कुमकुम मांडवी ने अपने सशक्त और प्रभावी प्रदर्शन से गोल्ड मेडल के साथ-साथ मूवमेंट ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इसके अलावा टीम की प्रशिक्षक कु. कीर्ति शाह मांडवी (कोच) को उनके उत्कृष्ट प्रशिक्षण, अनुशासन और मार्गदर्शन के लिए कोच ट्रॉफी तथा ‘पुरखा के सुरता सम्मान’ से सम्मानित किया गया।इन उल्लेखनीय उपलब्धियों पर जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने मानपुर विकासखंड के ग्राम पानाबारस की इन होनहार बेटियों को सम्मानित किया। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने बेटियों की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव का विषय है और अन्य बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देती है।बेटियों की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाएं भी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। यह उपलब्धि न केवल परिवार और गांव, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर भी उपस्थित थीं।