विकास नंद /सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ में राज्य शासन द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य के अंतर्गत खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में अब तक प्रदेश में सर्वाधिक धान खरीदी दर्ज की गई है। धान खरीदी की प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक लगातार जारी रहेगी। इसी कड़ी में कलेक्टर विनय लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के राइस मिलर्स की बैठक लेकर धान के उठाव की प्रगति की समीक्षा की और उठाव में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।कलेक्टर ने कुल धान खरीदी, अब तक हुए उठाव और शेष मात्रा की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि धान खरीदी का कार्य अब अंतिम चरण में है। इस दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जारी किए गए टोकन के अनुसार समयबद्ध और सुचारु उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में राइस मिलर्स द्वारा शॉर्टेज, मिलर्स टैगिंग तथा अन्य तकनीकी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया गया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप अतिशीघ्र धान का उठाव पूरा किया जाना अनिवार्य है, ताकि किसानों और शासन दोनों के हित सुरक्षित रह सकें।बैठक में अपर कलेक्टर रवि साहू, खाद्य अधिकारी अजय यादव, जिला विपणन अधिकारी आशुतोष डड़सेना, उपायुक्त सहकारिता द्वारिकानाथ सहित जिले के समस्त राइस मिलर्स उपस्थित रहे।