धान खरीदी में कलेक्टर की सख्ती: घोंच सहकारी समिति प्रबंधक पर एफआईआर, बागबाहरा मंडी सचिव निलंबित।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद जिले में धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर एक ओर जहां पिथौरा विकासखंड की प्राथमिक कृषि एवं साख सहकारी समिति घोंच में गंभीर अनियमितताओं पर समिति प्रबंधक को निलंबित कर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर अवैध धान परिवहन मामले में लापरवाही बरतने पर बागबाहरा कृषि उपज मंडी समिति के सचिव को निलंबित किया गया है।

घोंच सहकारी समिति में गंभीर अनियमितताएं उजागर कलेक्टर विनय लंगेह ने प्राथमिक कृषि एवं साख सहकारी समिति घोंच, विकासखंड पिथौरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुराने रबी फसल के धान को खपाने, गुणवत्ता विहीन धान की खरीदी तथा तौल प्रक्रिया में गड़बड़ी किए जाने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को तत्काल निलंबित करने एवं संबंधित प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान एसडीएम पिथौरा बजरंग वर्मा, खाद्य अधिकारी अजय यादव तथा जिला विपणन अधिकारी आशुतोष कोसरिया उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केंद्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

अवैध धान परिवहन मामले में बागबाहरा मंडी सचिव निलंबित

कलेक्टर के प्रतिवेदन के आधार पर छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड ने बागबाहरा कृषि उपज मंडी समिति के सचिव कुशल राम ध्रुव को गंभीर लापरवाही एवं कर्तव्य में उदासीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।विपणन वर्ष 2025-26 में 28 दिसंबर 2025 को ग्राम टेमरी में ओडिशा राज्य से अवैध रूप से लाए गए धान को ट्रक से खाली कर तीन ट्रैक्टरों में पलटने के मामले में मंडी प्रशासन द्वारा नियमानुसार आवश्यक पंचनामा, जप्ती एवं वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई।मंडी बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में कुशल राम ध्रुव का मुख्यालय संभागीय कार्यालय रायपुर रहेगा तथा वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे। साथ ही मंडी निरीक्षक दिनेश कुमार साहू को आगामी आदेश तक बागबाहरा कृषि उपज मंडी समिति के सचिव का प्रभार सौंपा गया है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!