विकास नंद/सर्वव्यापी/
सरायपाली क्षेत्र में अवैध धान खरीदी में संलिप्त पाए गए कोचियों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश तथा सरायपाली एसडीएम अनुपमा आनंद के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग द्वारा यह कार्रवाई की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत कुल 14 कोचियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन सभी मामलों की सुनवाई एसडीएम न्यायालय सरायपाली में की जाएगी। साथ ही, प्रकरणों की सूची एसडीओपी सरायपाली को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु उपलब्ध करा दी गई है।जिला प्रशासन द्वारा उठाया गया यह प्रतिबंधात्मक कदम जिले में अवैध धान खरीदी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।