विकास नंद/ सर्वव्यापी/
विकासखंड सरायपाली के शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और नवाचार के माध्यम से जिले को गौरवान्वित किया है। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में पदस्थ शिक्षक ओमप्रकाश साव को शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए “मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण 2025 – ज्ञानदीप पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें विद्यालय में किए गए नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य के लिए प्रदान किया गया।
इसी कार्यक्रम में सरायपाली विकासखंड के अन्य शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें वर्षा नंद, सहायक शिक्षक (शासकीय प्राथमिक शाला बानीगिरोला), प्रदीप कुमार पटेल, सहायक शिक्षक (शासकीय प्राथमिक शाला कोड़ाडीपा), रमाकांत पात्र, प्रधान पाठक (शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तोरेसिंहा), प्रमिला पटेल, सहायक शिक्षक (शासकीय प्राथमिक शाला अंतर्ला) तथा दयासागर नायक, प्रधान पाठक (शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभाठा, नवागढ़) शामिल हैं।
यह शिक्षक सम्मान समारोह स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम आदर्श बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद में 16 जनवरी 2026 को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, छत्तीसगढ़ बीज भंडार निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट गाइड इंद्रजीत सिंह खालसा (गोल्डी) तथा डाइट प्राचार्य अरुण प्रधान उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि ज्ञानदीप पुरस्कार के लिए पूरे महासमुंद जिले से केवल तीन शिक्षकों का चयन किया गया था। मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नवाचार को प्रोत्साहन तथा शिक्षकों को प्रेरित करना है।ओमप्रकाश साव ने अपनी सेवाकाल में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि बढ़ाने, नियमित उपस्थिति सुधारने, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यालय के शैक्षिक वातावरण को सशक्त बनाने के लिए विशेष प्रयास किए हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक विद्यालय से राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में 71 छात्रों का चयन तथा इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत 11 छात्रों का चयन बाल वैज्ञानिक के रूप में हो चुका है। इन उपलब्धियों से विद्यालय को नई पहचान मिली है और क्षेत्र में सकारात्मक शैक्षणिक संदेश गया है।इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षक साथियों ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। सिंघोड़ा संकुल सहित पूरे क्षेत्र में इस सम्मान को लेकर हर्ष और गर्व का माहौल है।पूर्व में भी ओमप्रकाश साव को नवाचारी शिक्षक, आदर्श शिक्षक सम्मान और छत्तीसगढ़ शिक्षक रत्न सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।