तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/

मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में आदिवासी बहुल एवं कृषि-आधारित जिले में VB–GRAM G (विकसित भारत ग्राम गारंटी) योजना ग्रामीण विकास की नई इबारत लिख रही है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत करमरी में व्यापक जनभागीदारी के साथ स्वागत एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने विकासोन्मुख नारों के साथ योजना का अभिनंदन किया और मानव श्रृंखला बनाकर “आत्मनिर्भर गांव—विकसित भारत” का सशक्त संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान कन्वर्जेंस मॉडल के तहत निर्मित आजीविका डबरी (कृषि/मछली तालाब) कार्यों का अवलोकन किया गया। यह कार्य कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, CREDA तथा वन विभाग के समन्वय से तैयार कार्ययोजना के अनुसार संचालित हैं। इन डबरियों से मछली पालन, सिंचाई सुविधा, दलहन–तिलहन की खेती एवं उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे आदिवासी एवं सीमांत किसानों को स्थायी आजीविका, खाद्य सुरक्षा और अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होंगे।इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी भारती चंद्राकर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए VB–GRAM G योजना के उद्देश्यों, लाभों, स्थानीय रोजगार सृजन और विभागीय समन्वय की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर सक्रिय सहभागिता, पारदर्शिता और सामुदायिक स्वामित्व ही इस योजना की सफलता की आधारशिला है।कार्यक्रम में दो हितग्राहियों विनोद कुमार एवं दलपत साई मेहरू राम—को मछली जाल का वितरण कर मछली पालन को प्रोत्साहित किया गया। हितग्राहियों ने बताया कि VB–GRAM G से मिले सहयोग से वे मछली पालन के साथ दलहन–तिलहन की खेती भी करेंगे, जिससे आय में निरंतर वृद्धि होगी और परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ बनेगी। उन्होंने शासन, जिला प्रशासन एवं ग्राम पंचायत के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी–कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने VB–GRAM G योजना को आदिवासी बहुल, कृषि-आधारित जिले के लिए सर्वांगीण विकास, रोजगार विस्तार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मील का पत्थर बताया। जब गांव आत्मनिर्भर होंगे, तभी भारत विकसित बनेगा।VB–GRAM G योजना—विकसित भारत की मजबूत नींव।