विकास नंद /सर्वव्यापी/
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग महासमुंद की संयुक्त टीम द्वारा बसना एवं सरायपाली क्षेत्र में स्कूल बसों का भौतिक निरीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
इस दौरान बसना, सांकरा एवं पिथौरा तहसील अंतर्गत संचालित 20 स्कूल बसों का निरीक्षण पब्लिक स्कूल बसना में किया गया, वहीं सरायपाली तहसील की 36 स्कूल बसों का निरीक्षण प्रतिभा पब्लिक स्कूल सरायपाली परिसर में संपन्न हुआ। कुल 56 स्कूल बसों के निरीक्षण में 8 बसों में दस्तावेजों एवं अन्य आवश्यक मानकों की कमी पाए जाने पर 8,700 रुपये समन शुल्क की कार्रवाई की गई तथा संबंधित संचालकों को एक सप्ताह के भीतर दस्तावेज पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए वाहन संचालन के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई। उन्हें शराब सेवन कर वाहन न चलाने, तेज गति से बस न चलाने, सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, फायर सेफ्टी उपकरण एवं फर्स्ट एड बॉक्स की नियमित जांच, सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने तथा सभी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
इस भौतिक निरीक्षण अभियान में परिवहन विभाग से जिला परिवहन अधिकारी राम कुमार ध्रुव, निरीक्षक जायसवाल, आर.बी. निर्मलकर, हेमचंद कंवर, लखन पटेल, नीलाम्बर निर्मलकर तथा यातायात विभाग से यातायात प्रभारी रामभजन सिन्हा, आरक्षक पेखन माथुर, विनोद अनंत सहित स्कूल बसों के चालक एवं परिचालक उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि स्कूली बच्चों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित बनाई जा सके।