विकास नंद/सर्वव्यापी/

आज शाम कलेक्टर विनय लंगेह एवं जिला प्रशासन की टीम द्वारा सिरपुर महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान महोत्सव स्थल पर मंच, डोम, दर्शक दीर्घा, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, विद्युत, पेयजल एवं साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।कलेक्टर विनय लंगेह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महोत्सव के दौरान आने वाले देश-प्रदेश से कलाकारों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुचारु यातायात व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम सुनिश्चित करने पर विशेष ज़ोर दिया।जिला प्रशासन की टीम ने आयोजन से जुड़े सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुधारों के लिए त्वरित निर्देश भी दिए गए।उल्लेखनीय है कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर स्थल सिरपुर में आयोजित होने वाला सिरपुर महोत्सव प्रदेश की कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। प्रशासन द्वारा की जा रही व्यापक तैयारियों से यह स्पष्ट है कि इस वर्ष का सिरपुर महोत्सव भव्य एवं यादगार होने जा रहा है।