विकास नंद/ सर्वव्यापी/
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को मंत्रालय महानदी भवन में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के नेतृत्व में कलेक्टर विनय लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिले के ऐतिहासिक स्थल सिरपुर में 1 से 3 फरवरी के मध्य आयोजित होने वाले सिरपुर महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।मुख्यमंत्री साय ने सिरपुर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह महोत्सव छत्तीसगढ़ की प्राचीन सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार का एक सशक्त माध्यम है। यह आयोजन न केवल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करता है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ को विशिष्ट पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।उन्होंने सिरपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, जिससे स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित होते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष का सिरपुर महोत्सव भी ऐतिहासिक, भव्य और सफल रहेगा।इस अवसर पर सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर एवं धर्मेंद्र महोबिया उपस्थित रहे।