विकास नंद/ सर्वव्यापी/
प्रशासन ने बालोदिया राइस मिल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मिल को सील कर दिया है। भौतिक सत्यापन के दौरान राइस मिल में 61,203 बोरा धान की भारी कमी पाई गई, जिसके बाद यह कठोर कदम उठाया गया।यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी अनुपमा आनंद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान निर्धारित स्टॉक के अनुरूप धान उपलब्ध नहीं पाया गया, जिससे गंभीर अनियमितता सामने आई।जांच के दायरे में राइस मिल में दर्ज कुल 37,759.6 क्विंटल धान (94,399 बोरा) तथा 2,328 क्विंटल चावल (4,656 बोरा) का लेखा-जोखा भी शामिल रहा। अनियमितता पाए जाने पर प्रशासन ने मिल में उपलब्ध समस्त स्टॉक को जब्त कर लिया तथा आज राइस मिल को सील कर दिया गया।कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्रीधर पंडा, खाद्य विभाग, मंडी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।उल्लेखनीय है कि जिले में कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर धान के अवैध परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।