बिलासपुर /तरुण कौशिक/ संपादक, सर्वव्यापी

सेंट यूजीन इंग्लिश मीडियम स्कूल, मुढ़िपार के लिए गर्व का क्षण है। स्कूल के दो होनहार खिलाड़ियों—आराध्या मसीह और जैक तिग्गा—का चयन 70वीं राष्ट्रीय जूनियर बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 29 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक तमिलनाडु के इरोड में आयोजित की जा रही है।आराध्या मसीह का चयन छत्तीसगढ़ बालिका जूनियर टीम में तथा जैक तिग्गा का चयन छत्तीसगढ़ जूनियर बालक टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ियों ने बलौदाबाजार–पलारी में आयोजित राज्य स्तरीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बिलासपुर जिले का प्रतिनिधित्व किया था। उनके उत्कृष्ट खेल के आधार पर ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन टीम में स्थान मिला है।इन खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। स्कूल के प्राचार्य फादर मार्टिन, स्कूल मैनेजर फादर ज्ञानम प्रगासम, फादर सेबेस्तियन, खेल शिक्षक सूरज नायक सहित समस्त शिक्षकों ने दोनों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।विद्यालय परिवार को विश्वास है कि आराध्या मसीह और जैक तिग्गा राष्ट्रीय मंच पर भी अपने खेल से छत्तीसगढ़ और स्कूल का नाम रोशन करेंगे।