विकास नंद/ सर्वव्यापी/

ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्यमंत्री ने महासमुंद जिले के समग्र विकास को गति देने वाली बड़ी सौगात दी।मुख्यमंत्री ने जिले में कुल 199 करोड़ 28 लाख 59 हजार रुपये की लागत के 99 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 40 करोड़ 88 लाख 2 हजार रुपये की लागत से 64 कार्यों का लोकार्पण तथा 158 करोड़ 40 लाख 57 हजार रुपये की लागत से 35 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।लोकार्पण किए गए कार्यों में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अंतर्गत ग्राम सकरी, मोहका, खेमड़ा एवं नवागांव में महतारी सदन का निर्माण शामिल है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 6 करोड़ 64 लाख 20 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, सीसी रोड, सांस्कृतिक भवन, अहाता, शेड, हाई मास्क लाइट, पुलिया, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र (सीएससी), आंगनबाड़ी भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।आदिवासी विकास विभाग के तहत ग्राम बड़ेसाजापाली में प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत एकल ग्राम जल योजना एवं रेट्रोफिटिंग योजनाओं के तहत 26 गांवों में कार्य पूरे किए गए। वहीं विद्युत विभाग द्वारा नवीन उपकेंद्रों के निर्माण तथा पावर ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि के कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।भूमिपूजन के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा 141 करोड़ 19 लाख 19 हजार रुपये की लागत से सड़कों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, नवीन मार्ग एवं पुल-पुलियों के निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही जल संसाधन विभाग द्वारा एनीकट निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सीसी रोड एवं सामुदायिक भवन, तथा परिवहन विभाग द्वारा जिला परिवहन कार्यालय एवं ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक निर्माण का भूमिपूजन किया गया।कार्यक्रम में खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी दयाल दास बघेल, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक संपत अग्रवाल, साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष महासमुंद निखिल कांत साहू, बसना नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, भारत स्काउट एवं गाइड संघ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी, अध्यक्ष येतराम साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।