विकास नंद/ सर्वव्यापी/
ऐतिहासिक सिरपुर महोत्सव के भव्य शुभारंभ अवसर पर बसना विकासखंड के ग्राम मिलायखुर्द निवासी प्रगतिशील एवं जैविक कृषक अन्तर्यामी प्रधान ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आत्मीय भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके द्वारा अपनाए जा रहे प्राकृतिक एवं जैविक खेती के अभिनव तरीकों की प्रशंसा की।मुख्यमंत्री साय ने अन्तर्यामी प्रधान से खेती के अनुभव साझा करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों से मुक्त जैविक खेती न केवल भूमि की उर्वरता बढ़ाती है, बल्कि मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे किसान प्रदेश के अन्य कृषकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।अन्तर्यामी प्रधान ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके परिवार द्वारा लगभग 65 एकड़ भूमि पर पूर्णतः जैविक खेती की जा रही है। खेती में गाय के गोबर और गोमूत्र से तैयार खाद, जीवामृत, बीजामृत एवं जैविक औषधियों का उपयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि परिवार के पास देसी गायें हैं और महिलाएं भी खेती से जुड़े सभी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और ऐसे किसानों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने अन्तर्यामी प्रधान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जैविक खेती से उत्पादित धान एवं अन्य फसलें गुणवत्ता के साथ किसानों की आय भी बढ़ा रही हैं।मुख्यमंत्री साय ने उम्मीद जताई कि अन्तर्यामी प्रधान जैसे कृषक छत्तीसगढ़ को जैविक खेती के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।