विकास नंद/ सर्वव्यापी/
प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के प्रथम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव में प्रसिद्ध लोक-भक्ति गायक हंसराज रघुवंशी की भव्य प्रस्तुति ने हजारों श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।हंसराज रघुवंशी ने मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी…, शिव समा रहे मुझमें…, लागी लगन शंकरा…, भोला मस्त मलंग…, अयोध्या आए मेरे प्यारे, राम सिया राम और भोलेनाथ की शादी है… जैसे लोकप्रिय भजनों से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा। उनकी मधुर आवाज़ और भावपूर्ण गायन ने सिरपुर की पावन धरती को शिवमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया। दर्शक भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए और पूरा माहौल शिव भक्ति में रंग गया।कार्यक्रम में सुनील तिवारी लोक कला मंच द्वारा प्रस्तुत रंग-झांझर कार्यक्रम ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति तथा देश की शास्त्रीय, सूफी और आधुनिक संगीत विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ हुईं।
फुलझरिया कर्मा पार्टी द्वारा कर्मा नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच द्वारा लोक कला प्रदर्शन तथा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कलाकारों द्वारा कत्थक एवं लोक नृत्य ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। शास्त्रीय संगीत के अंतर्गत ध्रुपद, सितार वादन, ओडिसी नृत्य, भरथरी प्रस्तुति एवं तथागत नाटक ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बनाया।सिरपुर महोत्सव के दूसरे दिन इंडियन आइडल फेम कलाकारों की संगीतमय महफ़िलनितिन कुमार, नचिकेत लेले और वैशाली रायकवार करेंगे आकर्षक प्रस्तुति
सिरपुर महोत्सव के द्वितीय दिवस सोमवार को संगीतमय प्रस्तुतियों की भव्य श्रृंखला के अंतर्गत इंडियन आइडल फेम कलाकारों की विशेष प्रस्तुति दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगी। रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक इंडियन आइडल सीजन 10 के नितिन कुमार, सीजन 12 के नचिकेत लेले एवं सुप्रसिद्ध गायिका वैशाली रायकवार अपनी मधुर आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इस दौरान बॉलीवुड, सूफी, भक्ति और आधुनिक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।कार्यक्रम की शुरुआत सायं 4 बजे से इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ द्वारा शास्त्रीय गायन, वादन एवं सुगम संगीत से होगी। इसके पश्चात सूफी स्पिरिचुअल म्यूजिक, कबीर संगीत संध्या, थेरीगाथा नाट्य प्रस्तुति, भरतनाट्यम नृत्य सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम 5:30 बजे से भिलाई की पुष्पा साहू द्वारा नवा किस्मत लोक कला मंच की प्रस्तुति भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।