विकास नंद/सर्वव्यापी/
विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली टी.सी. पटेल द्वारा नवागढ़ संकुल अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पोड़ापाली एवं शासकीय प्राथमिक शाला पालीडीह का औचक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान, विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक, वरिष्ठ प्राचार्य सी.एल. पुहूप तथा संकुल समन्वयक खिरोद्र सोनी उपस्थित रहे।शासकीय प्राथमिक शाला पोड़ापाली में आकर्षक बाह्य वातावरण, सुव्यवस्थित कक्षा-कक्ष, सुलभ प्रिंट रिच सामग्री, विद्यार्थियों की कक्षागत दक्षता, शैक्षिक नवाचार तथा जनसमुदाय को जोड़कर किए जा रहे शाला विकास के कार्यों को देखकर निरीक्षण दल ने संस्था प्रमुख पी.एन. दास की सराहना की।निरीक्षण के दौरान कक्षा पहली एवं दूसरी के विद्यार्थियों द्वारा क्रमशः 9 और 8 का पहाड़ा बिना रुके सुनाए जाने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी को 50-50 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही शाला में संचालित शैक्षिक नवाचारों को प्रोत्साहित करने हेतु संस्था प्रमुख को 1000 रुपये की दान राशि भी प्रदान की गई।इसके पश्चात शासकीय प्राथमिक शाला पालीडीह का भी औचक निरीक्षण किया गया, जहां शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशानिर्देश एवं मार्गदर्शन दिया गया।