खनन परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो: सीएम साय।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 21वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, जहां रेयर अर्थ मिनरल्स सहित अनेक महत्वपूर्ण खनिजों के प्रचुर भंडार उपलब्ध हैं। उन्होंने राज्य में संचालित सभी खनन परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष टास्क फोर्स की निगरानी को और सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने आईटी आधारित सिस्टम एवं ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से अवैध गतिविधियों पर सतत और सटीक निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में पीएमकेकेकेवाई अंतर्गत खनिज 2.0 पोर्टल के माध्यम से व्यय एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास अधिनियम के अंतर्गत राज्य स्तरीय केन्द्रीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (सीपीएमयू) की स्थापना कर डीएमएफ कार्यों की गुणवत्ता, निगरानी एवं समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।परिवहन नेटवर्क के विस्तार के तहत चिरमिरी–नागपुर रेलवे लाइन के लिए 328 करोड़ रुपये तथा छत्तीसगढ़ रेलवे कॉरिडोर निर्माण हेतु 1 ईस्ट कॉरिडोर एवं 3 ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के लिए 60.10 करोड़ रुपये एवं क्वासी इक्विटी के रूप में 24.10 करोड़ रुपये की राशि को समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया।इसके अतिरिक्त खनिज विकास निगम लिमिटेड को एनएमडीसी–सीएमडीसी कंपनी लिमिटेड संयुक्त उपक्रम में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी के रूप में विभिन्न परियोजनाओं के विकास हेतु 112.70 करोड़ रुपये तथा विभागीय कार्यों के लिए अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म अंतर्गत खनिज ब्लॉकों की नीलामी, खनिज ऑनलाइन 2.0 के भुगतान, सर्वेक्षण, पूर्वेक्षण, तकनीकी कार्यों के निष्पादन, आईटी एवं ड्रोन तकनीक के माध्यम से अवैध परिवहन नियंत्रण तथा डीएमएफ कार्यों की निगरानी हेतु सीपीएमयू सहित विभिन्न विभागीय कार्यों के लिए कुल 138.17 करोड़ रुपये का अनुमोदन किया गया।

बैठक में समिति की 20वीं बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव वित्त मुकेश बंसल, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद, संचालक खनिज रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!