तरुण कौशिक/संपादक, सर्वव्यापी/
कभी दूध बेचकर परिवार का गुजारा करने वाला व्यक्ति आज करोड़ों की संपत्ति का मालिक बन चुका है। मामला छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में पदस्थ एक बाबू से जुड़ा है, जिसकी आर्थिक हैसियत में आई हैरान कर देने वाली वृद्धि ने पूरे विभाग में हलचल मचा दी है।विभागीय सूत्रों के अनुसार छत्तीसगढ़ के एक जिले के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में पदस्थ संबंधित बाबू की नियुक्ति से पहले उसकी आर्थिक स्थिति बेहद सामान्य थी। लेकिन विभाग में पदस्थापना के कुछ ही वर्षों में उसने महंगी जमीन, आलीशान मकान, लग्जरी वाहन और अन्य चल-अचल संपत्तियां अर्जित कर लीं।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह संपत्ति उसकी घोषित आय से कई गुना अधिक बताई जा रही है। विभागीय कर्मचारियों और आमजन के बीच अब यह चर्चा जोरों पर है कि आखिर दूध बेचने वाला व्यक्ति बाबू बनते ही करोड़पति कैसे बन गया?मामले में अभी तक विभागीय स्तर पर कोई आधिकारिक जांच की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच होती है तो वन विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार की कई परतें खुल सकती हैं।अब देखना यह होगा कि सरकार और संबंधित विभाग इस गंभीर मामले पर मौन तोड़ते हैं या फिर यह मामला भी फाइलों में दफन होकर रह जाएगा।