10 से 25 फरवरी तक महासमुंद में चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन हेतु सामूहिक दवा सेवन अभियान।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में 10 से 25 फरवरी 2026 तक सामूहिक दवा सेवन अभियान संचालित किया जाएगा। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान की व्यापक तैयारियां की गई हैं।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी पात्र नागरिकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार डीईसी (डाइएथाइलकार्बामाजीन) एवं एल्बेंडाजोल दवा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा खिलाई जाएगी। दवा सेवन डॉट्स पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में कराया जाएगा, जिससे दवा का पूर्ण प्रभाव सुनिश्चित हो सके।उन्होंने बताया कि दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जाएगी। वहीं 1 से 2 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को केवल एल्बेंडाजोल की आधी गोली दी जाएगी, जिसे चबाकर खाने की सलाह दी गई है।अभियान के प्रारंभिक चरण में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा। इसके पश्चात घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों को दवा दी जाएगी तथा छूटे हुए लोगों को मॉप-अप राउंड में कवर किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों, स्लम बस्तियों, कार्यालयों एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल टीम के माध्यम से भी दवा सेवन सुनिश्चित किया जाएगा।स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और स्वयं तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों को दवा अवश्य सेवन कराएं, ताकि महासमुंद जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।अभियान के सफल संचालन हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के कक्ष क्रमांक 20 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका संपर्क नंबर +91-99778-81452 है। साथ ही सभी विकासखंडों में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!