परीक्षा जीवन का अंत नहीं, बेहतर भविष्य की सीढ़ी है — डॉ. एकता लंगेह।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

परीक्षा के समय बच्चों में बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव को देखते हुए शनिवार दोपहर महासमुंद स्थित श्याम बालाजी कॉलेज में स्वास्थ्य शिविर एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज प्रबंधन एवं आस्था वेलफेयर एवं एजुकेशन सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. एकता लंगेह रहीं, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका महासमुंद के अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में तारा चंद्राकर, सोसायटी अध्यक्ष मधु शर्मा एवं निरंजना चंद्राकर उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के प्रथम सत्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में डॉ. विकास, डॉ. सुजाता तथा मनोरोग विभाग की डॉ. टिकेश्वरी साहू द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों एवं जनसमूह का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।मुख्य अतिथि डॉ. एकता लंगेह ने अपने संबोधन में कहा कि परीक्षा नजदीक आते ही बच्चों में चिड़चिड़ापन, मानसिक अस्थिरता और तनाव आना स्वाभाविक है। ऐसे समय में माता-पिता और शिक्षकों को बच्चों की भावनाओं को समझते हुए उन्हें पर्याप्त समय और सहयोग देना चाहिए।उन्होंने कहा कि “बच्चों को यह समझाना जरूरी है कि परीक्षा महज एक व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य जीवन को बेहतर बनाना है, न कि डर पैदा करना।” समय रहते बच्चों की मानसिक स्थिति को समझकर उन्हें डिप्रेशन से बाहर निकाला जा सकता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे निखिलकांत साहू ने कहा कि बच्चों के मानसिक संतुलन को बनाए रखने में पालक और शिक्षक की भूमिका सबसे अहम होती है। यदि बच्चों में रोजाना नियमित पढ़ाई की आदत विकसित की जाए, तो परीक्षा का भय स्वतः समाप्त हो जाता है और बच्चे पूरे वर्ष आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई कर पाते हैं।मनोरोग विभाग की डॉ. टिकेश्वरी साहू ने परीक्षा पूर्व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, मोबाइल का सीमित उपयोग, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया।निरंजना चंद्राकर ने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष योग्यता होती है, जिसे पहचानना जरूरी है। माता-पिता को चाहिए कि परीक्षा के समय बच्चों के खान-पान, दिनचर्या और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें, ताकि वे तनाव से मुक्त रह सकें।सोसायटी अध्यक्ष मधु शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को स्वास्थ्य जागरूकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन तारिणी चंद्राकर ने किया। इस अवसर पर शबनम धनवानी, भारती भान साहू, तुषार चंद्राकर सहित आस्था वेलफेयर सोसायटी के सदस्य, कॉलेज के विद्यार्थी एवं स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन तारा चंद्राकर ने किया।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!