विकास नंद/सर्वव्यापी/
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने जन चौपाल में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।जन चौपाल में आज कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने विभागवार आवेदन अधिकारियों को सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।जन चौपाल के दौरान ग्राम पीढ़ी निवासी मालती साहनी ने आर्थिक सहायता की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने श्रम विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में यह पाया गया कि आवेदिका का मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत आवेदन पूर्व में स्वीकृत किया जा चुका है। कलेक्टर के निर्देशानुसार 19 फरवरी को आरटीजीएस के माध्यम से एक लाख रुपए की राशि आवेदिका के खाते में अंतरित की जाएगी।
इसी तरह जन चौपाल में—ग्राम कनेकेरा के निवासियों ने पेयजल समस्या,ग्राम सिंहरूपाली निवासी गोपाल दीवान ने सामुदायिक भवन की मजदूरी राशि भुगतान,ग्राम मुंधा (सरायपाली) निवासी कलावती पटेल ने वन भूमि अधिभोग अधिकार,ग्राम गिधली निवासी मंथीर बारीक ने राशन कार्ड जारी करने,ग्राम जोबा निवासी चेतन लाल साहू ने श्रम पंजीयन कार्ड संशोधन,ग्राम कोसरंगी निवासी किसलाल ने मुख्यमंत्री संजीवनी कोष से उपचार के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।इसके अतिरिक्त शौचालय निर्माण, फौती नामांतरण, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध अतिक्रमण तथा लंबित भुगतान से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए।जन चौपाल के दौरान सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।