विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सरायपाली विधानसभा के झिलमिला स्थित कोलता समाज सामुदायिक भवन में आज विकासखंड स्तरीय स्वस्थ पंचायत सम्मेलन “जनसंवाद” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुईं।
इस अवसर पर उन्होंने महिला आयोग के तहत महिलाओं को प्राप्त हक, अधिकार और संरक्षण, प्रत्येक गांव में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, सुपोषण, स्वच्छता, तथा शासन द्वारा महिलाओं को प्रदत्त शक्तियों और योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
जनसंवाद के दौरान सरला कोसरिया ने उपस्थित शक्ति स्वरूपा बहनों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि स्वस्थ पंचायत की नींव सशक्त महिलाओं से ही रखी जा सकती है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और गांव स्तर पर स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता को प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक कर पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य और स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत करना रहा।