विकास नंद, सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजी बोर्ड) द्वारा आयोजित उच्चतर माध्यमिक (कक्षा 12वीं) की वार्षिक परीक्षाएं आज से पूरे अनुशासन और सख्त निगरानी के साथ प्रारंभ हो गई हैं। सरायपाली विकास खंड में भी परीक्षाओं का शांतिपूर्ण आगाज हुआ, जहां विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कुल 1332 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षित आपूर्ति, केंद्राध्यक्षों व पर्यवेक्षकों की तैनाती, कक्षों में बैठक व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गईं।नकल पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू रही।
परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर रोक लगाई गई, वहीं उड़नदस्ता दलों द्वारा सतत निरीक्षण किया गया। विद्यार्थियों के लिए समयबद्ध प्रवेश, आवश्यक जांच और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे परीक्षा प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।
परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राएं समय से पहले उपस्थित नजर आए और सकारात्मक वातावरण में परीक्षा प्रारंभ हुई। अभिभावकों एवं शिक्षकों ने प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगामी परीक्षा तिथियों में भी इसी प्रकार पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों को भयमुक्त और अनुकूल वातावरण मिल सके।