विकास नंद/ सर्वव्यापी/

सरायपाली विकास खंड में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। आज दसवीं बोर्ड परीक्षा का पहला प्रश्नपत्र आयोजित किया गया, जिसके मद्देनज़र शासन एवं प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाएं और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।विकास खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने परीक्षा संचालन, बैठने की व्यवस्था, गोपनीयता, अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया तथा केंद्राध्यक्षों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष सरायपाली विकास खंड में बारहवीं कक्षा के कुल 1332 तथा दसवीं कक्षा के 1481 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक संसाधन, निगरानी व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन हेतु तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
परीक्षाएं निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए उड़नदस्ता दलों की भी तैनाती की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके। शासन के निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को शांत और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।