विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा एवं रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विभागीय अधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से प्रातः 10 बजे कार्यालय में उपस्थित रहें तथा आधार बेस्ड उपस्थिति प्रणाली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। ई-ऑफिस प्रणाली में नियमित पत्राचार करते हुए इसे प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।हाल ही में संपन्न एसआईआर कार्य को समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी, बीएलओ तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की सराहना की गई। कलेक्टर ने संपूर्णता अभियान के अंतर्गत निर्धारित सभी संकेतकों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने और मुख्यमंत्री घोषणाओं पर सतत निगरानी रखते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।धान उठाव की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रतिदिन लगभग 20 हजार क्विंटल धान उठाव का लक्ष्य निर्धारित किया। संभावित बारिश को देखते हुए कैप कवर, जल निकासी हेतु नाली निर्माण और धान को नमी से बचाने के लिए नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। जप्त धान के संबंध में तहसीलदार को शाम तक पीवी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि 24 फरवरी की स्थिति में 8 लाख 21 हजार 969 मीट्रिक टन धान के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके विरुद्ध 6 लाख 21 हजार 451 मीट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है।राशन वितरण में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने समय पर भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने, एसडीएम को व्यक्तिगत निगरानी और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। साथ ही सभी राशन दुकानों में प्रतिमाह चावल उत्सव अनिवार्य रूप से आयोजित करने को कहा गया।पीएम श्री शालाओं के 21 बिंदुओं पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने, इन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने, वोकेशनल ट्रेनिंग शुरू करने, लैब व लाइब्रेरी सुदृढ़ करने, शिक्षकों का नियमित प्रशिक्षण और बाला कॉन्सेप्ट पर कार्य करने के निर्देश दिए गए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।स्वच्छता और अन्य योजनाएं—जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिन ग्राम पंचायतों में कचरा वाहन उपलब्ध हैं, वहां डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शुरू किया जाए। पीएम सूर्य घर योजना में अधिकतम पात्र परिवारों को जोड़ने, अपार कार्ड, आधार, वय वंदन योजना और आयुष्मान कार्ड की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक, राजस्व प्रकरणों और लोक सेवा गारंटी के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर दिया गया।