विकास नंद/सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद जिले में शैक्षणिक सत्र 2025-26 अंतर्गत हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाएं छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित की जा रही हैं। जिले में इस वर्ष कक्षा 10वीं के 12,839 विद्यार्थी 254 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से तथा कक्षा 12वीं के 10,724 विद्यार्थी 168 विद्यालयों से, कुल 115 परीक्षा केंद्रों के माध्यम से परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।कक्षा 10वीं की परीक्षा 3 मार्च से 24 मार्च 2026 तक एवं कक्षा 12वीं की परीक्षा 1 मार्च से 23 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी।इसी क्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हाई स्कूल परीक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने महासमुंद स्थित स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बेलसोंडा एवं शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिरकोनी का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों में अनुशासन, शांति व्यवस्था, पर्यवेक्षकों की उपस्थिति, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता एवं सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारु रूप से पूर्ण रहें। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिरकोनी में उन्होंने 70 प्रतिशत लो-विजन दिव्यांगता से पीड़ित परीक्षार्थी कु. आस्था पांडेय द्वारा सह-लेखक कु. केशरी निषाद के माध्यम से परीक्षा दिए जाने की व्यवस्था का अवलोकन किया और दिव्यांग विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि जिले में बोर्ड परीक्षाओं का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ किया जा रहा है। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आत्मविश्वास और लगन के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया।इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे एवं डीएमसी रेखराज शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।