तरुण कौशिक, संपादक, सर्वव्यापी
बिलासपुर जिले के रहंगी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में विष्णु देव साय ने विकास को नई गति देते हुए 263.17 करोड़ रुपये की लागत से 89 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 7 कार्यों का लोकार्पण और 82 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने 15.99 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को तत्काल लाभ पहुंचाया, वहीं 247.18 करोड़ रुपये के नए कार्यों की नींव रखकर भविष्य के विकास का मार्ग प्रशस्त किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक ने किसानों का स्वागत-अभिनंदन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसानों के दर्द और मेहनत को भली-भांति समझते हैं। होली से पहले किसानों को उनकी मेहनत और पसीने की सौगात देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वयं किसानों के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं की मेहनत से ही छत्तीसगढ़ खुशहाल है। बीते तीन वर्षों में चार लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हुई है और 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की गई है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सड़क, सिंचाई सहित विकास के सभी आयामों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना के साथ राज्य निरंतर आगे बढ़ रहा है।कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि कृषि उन्नति योजना का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री का किसानों के बीच आना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री आज 10 हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित करेंगे। उन्होंने किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने, धान के साथ दलहन एवं तिलहन जैसी अधिक लाभकारी फसलों की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही खेती-किसानी में नवाचार, मिश्रित कृषि, दुग्ध उत्पादन और मत्स्यपालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। अंधाधुंध रासायनिक खाद के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की चर्चा करते हुए उन्होंने जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया और किसानों को राशि अंतरित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।कुल मिलाकर, बिल्हा विकासखंड के इस किसान सम्मेलन ने बिलासपुर जिले में विकास, किसान कल्याण और समृद्ध छत्तीसगढ़ की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूती से रेखांकित किया।