विकास नंद/सर्वव्यापी/

जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अवैध महुआ शराब बनाने, बेचने एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के तहत थाना बागबाहरा, तेंदुकोना, सांकरा, सरायपाली, बसना, पटेवा एवं कोमाखान पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा 20 से अधिक ठिकानों पर एकसाथ छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ग्राम हरनादादर, सवित्रिपुर, बुंदेली, बालसी, खुसरुपाली, तोषगांव, पचरी एवं मानपुर से कुल 233 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 77 हजार रुपये है, जब्त की गई।इसके साथ ही 990 किलो महुआ लाहन पास को मौके पर ही नष्ट किया गया। अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन एवं अन्य सामग्री भी भारी मात्रा में जब्त की गई है। इस कार्रवाई में सात व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में संचालित इस विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 1851 लीटर 640 मिलीलीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 18 हजार 198 रुपये है, जब्त की जा चुकी है। वहीं, 108 प्रकरणों में 122 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।