तरुण कौशिक, संपादक ,सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रालय (महानदी भवन) में पदस्थ वरिष्ठ स्टॉफ ऑफिसर दिनेश चन्द्र मिश्रा ने 43 वर्ष 08 माह की सुदीर्घ, समर्पित और बेदाग शासकीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्ति ग्रहण की। वे वर्तमान में आवास एवं पर्यावरण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा पंजीयन विभाग के सचिव अंकित आनंद के साथ स्टॉफ ऑफिसर के रूप में सेवाएँ दे रहे थे। दिनेश चन्द्र मिश्रा ने 16 जून 1982 को बस्तर कलेक्टर कार्यालय में स्टेनोटाइपिस्ट (तृतीय वर्ग) के रूप में अपनी सेवा यात्रा प्रारंभ की और निरंतर कार्यकुशलता, निष्ठा व प्रशासनिक दक्षता के बल पर स्टेनोग्राफर, निज सहायक, निज सचिव, स्टॉफ ऑफिसर होते हुए वरिष्ठ स्टॉफ ऑफिसर (प्रथम श्रेणी) के पद तक पहुँचे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बस्तर कलेक्टर एवं कमिश्नर कार्यालय में वरिष्ठ IAS अधिकारियों के साथ कार्य किया, अविभाजित मध्यप्रदेश के समय वल्लभ भवन, भोपाल में मुख्यमंत्री सचिवालय के अंतर्गत महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं तथा राज्य गठन के बाद वर्ष 2000 से लगातार छत्तीसगढ़ मंत्रालय में मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ शासन के लगभग सभी प्रमुख विभागों में सक्रिय भूमिका निभाई। सेवानिवृत्ति के अवसर पर शासन द्वारा उनके समस्त सेवानिवृत्ति लाभों का भुगतान किया गया तथा मंत्रालय की शाख समिति द्वारा चेक प्रदान किया गया। विदाई समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कर्तव्यपरायण स्वभाव, सौम्य व्यक्तित्व और प्रशासनिक अनुभव की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल, शाल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना किया।