विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद जिले के ठाकुरदिया खुर्द ग्राम में आज राम मंदिर निर्माण का शुभारंभ विधिवत भूमिपूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा और आदर्शों के प्रतीक हैं। राम मंदिर का निर्माण समाज की आस्था, एकता और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर सनातन समाज की आस्था और 500 वर्षों के संघर्ष का जीवंत प्रमाण है। उसी प्रेरणा से गांव-गांव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास होना चाहिए।उन्होंने बताया कि ठाकुरदिया खुर्द में बनने वाला यह राम मंदिर अयोध्या से लाई गई पवित्र ईंट से निर्मित किया जा रहा है, जो इसे और भी विशेष बनाता है। उन्होंने समाज द्वारा मंदिर निर्माण हेतु दिए जा रहे सहयोग और दान की सराहना करते हुए समयबद्ध रूप से निर्माण कार्य पूर्ण करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ठाकुरदिया खुर्द में 20 लाख रुपये की लागत से सामाजिक भवन तथा पिथौरा जनपद पंचायत में 25 लाख रुपये की लागत से सभाभवन निर्माण की घोषणा भी की, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और प्रशासनिक विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, जनपद एवं जिला पंचायत के पदाधिकारी, भाजपा संगठन के पदाधिकारी, महिला एवं युवा मोर्चा के प्रतिनिधि तथा आयोजन समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।