विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को एनएच-06 से बेलटुकरी तक जाने वाले मार्ग एवं महासमुंद-तुमगांव निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एनएच-06 से बेलटुकरी मार्ग की वर्तमान स्थिति, भारी वाहनों के आवागमन से हो रही क्षति तथा आम नागरिकों को हो रही असुविधा का अवलोकन किया। उन्होंने जिला खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश, पीएमजेएसवाई के कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संचालित फर्सी पत्थर एवं अन्य खनन उद्योगों के सहयोग से सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।कलेक्टर ने कहा कि खनिज परिवहन में लगे भारी वाहनों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खनन कंपनियां अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गड्ढों की भराई, मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूर्ण करें और सड़क को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। कार्य पूर्ण करने के लिए समय-सीमा तय कर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।इसके पश्चात कलेक्टर ने महासमुंद-तुमगांव मार्ग पर निर्माणाधीन 9.65 किलोमीटर लंबी सड़क के डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे जून 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभाग और ठेकेदार एजेंसी को दिए।
निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता, बेस लेयर, डामरीकरण की मोटाई, जल निकासी व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कार्य में तेजी लाने तथा तय समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता सी.एस. चंद्राकर एवं अनुविभागीय अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।