विकास नंद/ सर्वव्यापी/

रंगों का पावन पर्व होली नगर में हर्षोल्लास और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही बच्चे, युवा और बुजुर्ग रंग-गुलाल के साथ सड़कों पर नजर आए। जगह-जगह होली मिलन समारोह आयोजित हुए, जहां लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर युवाओं की टोलियां डीजे की धुन पर थिरकती दिखीं। वातावरण में भाईचारे और सौहार्द की रंगत साफ झलक रही थी। सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी होली मिलन कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को शांति एवं सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया।
होली के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल द्वारा प्रमुख स्थानों पर पेट्रोलिंग की गई तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
हालांकि सख्ती के बावजूद कुछ स्थानों पर दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर घूमते युवक नजर आए। यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए कई लोगों ने बिना हेलमेट वाहन चलाया। पुलिस द्वारा समझाइश दी गई लेकिन तीन सवारी पर पूरी तरह ब्रेक नहीं लग पाया।
कुल मिलाकर नगर में होली शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासन की सजगता और नागरिकों के सहयोग से पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। खबर प्रकाशन तक किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की जानकारी प्राप्त नहीं हुई।