जिले में बिना हेलमेट वालों पर कसेगा शिकंजा, 8 मार्च से शुरू होगी कैमरा आधारित ई-चालान कार्रवाई।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। अब शहर में दुपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा और बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 8 मार्च से कैमरा आधारित ई-चालान की कार्रवाई शुरू की जाएगी।पुलिस द्वारा शहर में लगाए गए कैमरों और आईटीएमएस जैसी व्यवस्था के माध्यम से एआई टूल्स की मदद से रियल टाइम में हेलमेट न पहनने वाले वाहन चालकों और वाहन नंबर की पहचान की जाएगी। पिछले एक सप्ताह से चल रहे ट्रायल में करीब 3700 नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान हुई है, जिनमें लगभग 1100 लोग एक से अधिक बार बिना हेलमेट के पाए गए।पुलिस ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत “जीरो फ्रिक्शन, मैक्सिमम एक्शन” के सिद्धांत पर बिना रोक-टोक सीधे ई-चालान जारी होगा। वाहन मालिक के मोबाइल पर चालान का मैसेज और ऑनलाइन भुगतान की लिंक भेजी जाएगी। यदि 90 दिनों के भीतर चालान का भुगतान नहीं किया गया तो मामला स्वतः न्यायालय में स्थानांतरित हो जाएगा।पुलिस के अनुसार जिले में वर्ष 2024 और 2025 के दौरान 476 सड़क दुर्घटनाओं में 327 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 297 मामलों में हेलमेट न पहनने के कारण सिर पर गंभीर चोट लगना मुख्य कारण रहा। वहीं वर्ष 2026 के पहले दो महीनों में हुई 37 दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मौत हुई, जिनमें 20 मामलों में हेलमेट न पहनना कारण पाया गया।पुलिस प्रशासन ने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे लोगों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें।

अप्रैल माह से सरायपाली, बसना और बागबाहरा में भी कैमरा आधारित ई-चालान व्यवस्था शुरू की जाएगी।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!